देहरादून में वीवीआईपी दौरे से पहले हाई अलर्ट, पुलिस को मिले सख्त सुरक्षा निर्देश

 देहरादून। जनपद देहरादून में 12 जून से प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस लाइन देहरादून में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग के दौरान सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों और जवानों को सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा साझा की। अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह त्रुटिरहित होनी चाहिए।

ब्रीफिंग के दौरान सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और अपने प्रभारी अधिकारियों से ड्यूटी संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त करें। साथ ही ड्यूटी स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।

वरिष्ठ अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मी अपने पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखें। सुरक्षा व्यवस्था में लगे नोडल पुलिस अधिकारियों को सादे वेश और वर्दी में तैनात सभी कर्मियों की पहचान सत्यापित करने तथा उनके ड्यूटी कार्डों की जांच करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारी अपने निर्धारित स्थानों पर ही मौजूद रहें और किसी एक स्थान पर समूह बनाकर एकत्रित न हों। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के प्रत्येक पहलू पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और सभी कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। पुलिस विभाग ने सभी सुरक्षा कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.