बद्रीनाथ यात्रा पर गए परिवार, पीछे घर में रच दी बड़ी साजिश; खुलासे ने सबको चौंकाया

 देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में एक घर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मामा-भांजे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की इस घटना को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पीड़िता के सगे भाई और बेटे ने मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को चोरी की गई ज्वैलरी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रेशम माजरी, पाल मोहल्ला निवासी मोनिका गोस्वामी ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर गई थीं। यात्रा से लौटने पर उन्होंने पाया कि घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी गायब हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले और 6 जून को फतेहपुर टांडा क्षेत्र में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी अमित सिंह नेगी पीड़िता का सगा भाई है, जबकि चिराग बोरा उसका बेटा है। दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार अमित नशे का आदी है, जबकि चिराग ऑनलाइन गेमिंग और गैम्बलिंग की लत से परेशान था। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने परिवार के बद्रीनाथ यात्रा पर जाने का फायदा उठाया और घर में रखी नगदी व आभूषण चोरी कर लिए।

आरोपियों ने चोरी की नगदी आपस में बांट ली और उसे नशे तथा ऑनलाइन सट्टेबाजी में खर्च कर दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चोरी की गई ज्वैलरी को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल बरामद कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर नशे और ऑनलाइन जुए की बढ़ती लत के दुष्परिणामों को उजागर किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.