142 पत्रकारों ने कराया हेल्थ चेकअप, स्वास्थ्य शिविर में दिखा सेवा और जागरूकता का संगम

 देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब एवं चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को प्रेस क्लब परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 142 पत्रकारों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड जांच और विभिन्न चिकित्सीय सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। वहीं कई पत्रकारों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

शिविर में चिकित्सा शिक्षा निदेशालय की टीम के साथ राजकीय दून मेडिकल कॉलेज और राजकीय मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, नेत्र परीक्षण सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें की गईं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह भी दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता है और उसके स्वास्थ्य की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि पत्रकार शासन और समाज के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और देखभाल के लिए इस प्रकार के शिविर बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और प्रेस क्लब के प्रयासों को सराहनीय बताया।

चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय कुमार आर्या ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए आयोजित यह शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब अपने सदस्यों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, स्वास्थ्य समिति के सदस्य, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर ने स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता का भी मजबूत संदेश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.