मानसून की धमाकेदार एंट्री, 25 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक के साथ ही कई राज्यों में बारिश, आंधी और तूफान का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने 25 राज्यों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

गुरुवार को देश के 11 राज्यों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे शहर में 80 से अधिक पेड़ गिर गए। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई। नोएडा में तेज हवाओं के कारण करीब 400 पेड़ उखड़ गए। हरियाणा के फरीदाबाद में फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान एक क्रेन कंटेनर पर गिर गई, जिसमें तीन मजदूरों की जान चली गई। वहीं बिहार के भागलपुर में आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में प्रवेश कर लिया है और इसके साथ ही तमिलनाडु तथा कर्नाटक के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। अगले कुछ दिनों में मानसून के गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक फैलने की संभावना है। मानसून की सक्रियता बढ़ने से देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

विभाग ने राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मध्य महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं 7 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और तूफानी गतिविधियों का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.