देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा करने जा रहा है। चार जून से शुरू हो रहे इस दौरे को कांग्रेस के लिए संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक समीकरणों को साधने और आगामी राजनीतिक रणनीति को धार देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। राहुल गांधी अल्मोड़ा, पौड़ी, कोटद्वार, मसूरी और देहरादून में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
दौरे के पहले दिन राहुल गांधी अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके बाद पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। हालांकि सबसे अधिक चर्चा उनके कोटद्वार दौरे को लेकर हो रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राहुल गांधी कोटद्वार के चर्चित जिम संचालक मोहम्मद दीपक के जिम का दौरा कर सकते हैं और वहां सदस्यता भी ले सकते हैं। इसे कांग्रेस की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
मोहम्मद दीपक इस वर्ष जनवरी में उस समय चर्चा में आए थे, जब नाम को लेकर हुए विवाद के बाद राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन करते हुए उन्हें “मुहब्बत की दुकान” का प्रतीक बताया था। इसके बाद फरवरी में दीपक ने दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उस दौरान राहुल गांधी ने उनके जिम आने का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी का यह दौरा केवल जनसभाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए कांग्रेस राज्य में अपने जनाधार को मजबूत करने और विभिन्न वर्गों के बीच संवाद बढ़ाने का प्रयास कर रही है। दौरे के दौरान राहुल गांधी मसूरी में रात्रि विश्राम भी करेंगे।
पांच जून को देहरादून में राहुल गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष चर्चा होगी।
उत्तराखंड कांग्रेस के लिए राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिस पर पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक पर्यवेक्षकों की नजरें टिकी हुई हैं।