देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कई राज्यों के लिए आंधी-तूफान, तेज हवाओं, ओलावृष्टि और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
पहााड़ी राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर में तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। यहां अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके विपरीत बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं। वहीं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि आंधी और बारिश के बाद कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिलेगी।