देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर झारखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने देवघर पहुंचकर स्थानीय सर्किट हाउस में देवघर और दुमका जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मेले की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित दोनों जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री ने सभी विभागों से तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक जलार्पण कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, शौचालय, ठहराव स्थल, सफाई व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछली समीक्षा बैठकों के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई थी, जिसके तहत सभी विभागों को समय पर टेंडर प्रक्रिया और अन्य आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए थे। मंत्री ने कहा कि लगभग 90 प्रतिशत तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब केवल कुछ औपचारिक प्रक्रियाएं शेष हैं।
मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और रेलवे विभाग के साथ भी लगातार समन्वय स्थापित किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी बताया कि देवघर और दुमका प्रशासन की ओर से आवश्यक संसाधनों और बजट से संबंधित मांग पत्र प्राप्त हो चुके हैं। राज्य सरकार संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समय पर आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
मंत्री ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से श्रावणी मेला 2026 का आयोजन पहले से अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव और सुचारु व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।