उत्तराखंड में शुरू हुआ ‘खेत बचाओ अभियान’, किसानों से की गई बड़ी अपील

 देहरादून। उत्तराखंड के कृषि मंत्री Ganesh Joshi ने सहसपुर ब्लॉक के ढ़ाकी गांव में देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया। यह अभियान प्रधानमंत्री Narendra Modi के आह्वान और केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan की प्रेरणा से 1 जून से 30 जून तक पूरे देश में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया गया तथा आत्मा योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट किसानों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, नकली कीटनाशकों की पहचान, मृदा संरक्षण और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि कृषि वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केंद्रों के प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक और टिकाऊ खेती की जानकारी देंगे।

उन्होंने कहा कि खेत केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की खाद्य सुरक्षा और किसानों की आजीविका का आधार हैं। यदि खेत सुरक्षित रहेंगे तो देश भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने चिंता जताई कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक एवं असंतुलित उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है, जिसका असर कृषि उत्पादन और पर्यावरण दोनों पर पड़ रहा है।

कृषि मंत्री ने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करने, जैविक और प्राकृतिक खेती को अपनाने तथा मिट्टी संरक्षण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही समृद्ध किसान और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में किसान आयोग के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी, जड़ी-बूटी बोर्ड के उपाध्यक्ष भुवन विक्रम डबराल, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से प्रदेश में टिकाऊ और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.