देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने रविवार को अपने देहरादून स्थित आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा खिलाड़ियों और युवाओं की उपलब्धियों को दिए गए महत्व से देशभर की खेल प्रतिभाओं को नई प्रेरणा और ऊर्जा मिली है।
रेखा आर्य ने कहा कि ‘मन की बात’ का यह एपिसोड भी हमेशा की तरह प्रेरणादायक, उत्साहवर्धक और सकारात्मक संदेशों से भरपूर रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत ही खिलाड़ियों की उपलब्धियों के उल्लेख से की, जो इस बात का प्रमाण है कि देश के युवा खिलाड़ियों और उनकी मेहनत को राष्ट्रीय स्तर पर कितना सम्मान दिया जा रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले गुरविंदर सिंह और अन्य उभरते खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उनके प्रदर्शन की सराहना किए जाने से देशभर के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। इससे युवाओं को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलेगी।
खेल मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने केवल खेल जगत की उपलब्धियों का ही जिक्र नहीं किया, बल्कि भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की, जो वर्तमान परिस्थितियों में अत्यंत आवश्यक है।
रेखा आर्य ने जल संरक्षण और नदियों की सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री के संदेश को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है और इस दिशा में जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि खेल, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को एक मंच पर जोड़कर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया है। ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।