देहरादून। उत्तराखंड के उधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार किए गए 1872 आवास जल्द ही लाभार्थियों को सौंपे जाएंगे। सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने बागवाला पहुंचकर निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. राजेश कुमार ने लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही इन आवासों का लोकार्पण किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपना अंशदान जमा नहीं किया है, उनसे जल्द राशि जमा कराकर आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक आवास पर सरकार की ओर से 3 लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जबकि लाभार्थी को भी 3 लाख रुपये का योगदान करना होता है। अब तक 185 लाभार्थियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, जबकि 222 लोगों को भुगतान के लिए पत्र और फोन के माध्यम से सूचना भेजी गई है।
अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि आवास परिसर में साफ-सफाई, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। परिसर में बनाए गए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए भी उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सचिव ने त्रिशूल चौक के पास प्रस्तावित ‘कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर’ परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। यह बहुमंजिला आवासीय और व्यावसायिक परियोजना होगी, जिसकी प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और रोजगार को नई गति देगी।