देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने गजा घंटाकर्ण महोत्सव-2026 के अवसर पर क्षेत्र के विकास, धार्मिक पर्यटन और लोक संस्कृति के संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही नगर पंचायत गजा क्षेत्र में आंतरिक सड़कों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तारीकरण और मंच निर्माण की भी घोषणा की गई।
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति देने का ऐलान किया। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली और पजै गांव को इंटर स्तर तक उच्चीकृत करने तथा नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी स्तर तक विकसित करने की घोषणा भी की।
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने कोटेश्वर झील के विकास और डांडाचली में इको पार्क निर्माण की घोषणा की। साथ ही पावकी देवी और चमराड़ा देवी (भरपूर) मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रीय संपर्क मजबूत करने के लिए दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गांव मोटर मार्ग और रणाकोट-डांडा-जमोला मोटर मार्ग को स्वीकृति देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तेज होगा और लोगों को आवागमन में आसानी मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए चाका महिला अस्पताल को पीएचसी में परिवर्तित कर उच्चीकृत करने और चाका में सामुदायिक भवन को मजबूत बनाने की घोषणा भी की गई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों की स्थापना की स्वीकृति देने की बात कही। साथ ही हेंवल नदी में झील निर्माण और गजा बगीद में 33 केवी सब स्टेशन की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।