श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय पहुंचे धन सिंह रावत, औचक निरीक्षण में दिए बड़े निर्देश

टिहरी/देहरादून। धन सिंह रावत ने अपने दो दिवसीय टिहरी दौरे के दौरान श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, निर्माण कार्यों और तकनीकी शिक्षा कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

उच्च शिक्षा मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में ब्रीडकुल द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

डॉ. रावत ने कहा कि विश्वविद्यालय में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विश्वविद्यालय में संचालित बीसीए कक्षाओं का भी दौरा किया। उन्होंने पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

मंत्री ने छात्रों को डिजिटल तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप आधुनिक पाठ्यक्रमों और डिजिटल संसाधनों का विस्तार समय की आवश्यकता है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने विश्वविद्यालय के कुलपति एन. के. जोशी द्वारा शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर काम कर रहा है।

इस दौरान कुलपति प्रो. एन. के. जोशी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) विषय पर लिखी अपनी पुस्तक मंत्री को भेंट की। पुस्तक का अवलोकन करते हुए डॉ. रावत ने इसे वर्तमान समय के लिए बेहद उपयोगी और ज्ञानवर्धक पहल बताया।

इससे पहले मंत्री ने प्रतापनगर विकासखंड के सेम-मुखेम क्षेत्र में सहकारी समिति और सहकारी बैंक का भी औचक निरीक्षण किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.