रॉयल अल्बर्ट हॉल में गूंजेगी कुमार सानू की आवाज, बेटी शैनन के. संग करेंगे खास परफॉर्मेंस

मुंबई। कुमार सानू एक बार फिर अपने फैंस के लिए खास म्यूजिकल सरप्राइज लेकर आ रहे हैं। अपनी मधुर और मखमली आवाज से करोड़ों दिलों में जगह बनाने वाले कुमार सानू अब लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में लाइव सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं। इस खास शो में उनकी बेटी शैनन के. भी उनके साथ मंच साझा करेंगी।

यह कॉन्सर्ट पुराने और नए दौर के संगीत का अनोखा संगम माना जा रहा है। कार्यक्रम में बॉलीवुड के सदाबहार गीतों को लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। खास बात यह है कि शो में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के गानों का मिश्रण देखने को मिलेगा, जिससे अलग-अलग पीढ़ियों और संस्कृतियों के संगीत प्रेमियों को जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

कुमार सानू ने इस कार्यक्रम को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि फैंस लंबे समय से उनकी बेटी शैनन के. के बारे में पूछते रहे हैं और उनके अंग्रेजी गानों को भी काफी पसंद किया गया है। इसी वजह से उन्हें इस म्यूजिकल टूर का हिस्सा बनाया गया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में शैनन को केवल दो कॉन्सर्ट में शामिल किया गया था, लेकिन दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया के बाद उन्हें पूरे टूर में शामिल कर लिया गया।

गायक ने कहा कि कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका में लोगों ने शैनन को भरपूर प्यार दिया है। इससे यह साफ हुआ कि विदेशों में रहने वाले लोग हिंदी और अंग्रेजी दोनों तरह के संगीत से गहरा जुड़ाव रखते हैं। उनके मुताबिक, शैनन के आने से 90 के दशक के गानों में नई ऊर्जा और आधुनिक अंदाज जुड़ गया है।

इस म्यूजिकल टूर में साधना सरगम भी शामिल हैं। कुमार सानू ने कहा कि साधना सरगम के साथ मंच साझा करना हमेशा खास अनुभव होता है और उनकी आवाज पुराने गीतों में नया जादू भर देती है।

वहीं शैनन के. ने कहा कि अपने पिता और दिग्गज कलाकारों के साथ मंच साझा करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की वजह से नई पीढ़ी फिर से 90 के दशक के बॉलीवुड संगीत को पसंद कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.