पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड पीओके में ढेर, अज्ञात हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

इस्लामाबाद। वर्ष 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल कुख्यात आतंकी हमजा बुरहान उर्फ डॉक्टर की पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हत्या कर दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुजफ्फराबाद के पास अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमजा लंबे समय से पीओके में फर्जी पहचान के साथ रह रहा था और आतंकी नेटवर्क संचालित कर रहा था।

बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान का असली नाम अर्जुमंद गुलजार डार था और वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा का निवासी था। वह आतंकी संगठन Al-Badr का प्रमुख कमांडर माना जाता था और Jaish-e-Mohammed के साथ मिलकर कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता था। भारत सरकार ने वर्ष 2022 में उसे यूएपीए के तहत आधिकारिक रूप से आतंकवादी घोषित किया था।

खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, हमजा पीओके में एक फर्जी स्कूल शिक्षक के रूप में रह रहा था। इसी आड़ में वह आतंकी प्रशिक्षण शिविर चलाने, घुसपैठ कराने और युवाओं को आतंकी संगठनों में भर्ती करने का काम करता था। उस पर आतंकियों के लिए फंडिंग जुटाने और हथियार उपलब्ध कराने के भी आरोप थे।

हमजा का नाम National Investigation Agency की पुलवामा हमले से जुड़ी चार्जशीट में भी शामिल था। उसे पहलगाम आतंकी हमले का भी प्रमुख साजिशकर्ता माना जाता था।

गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा के लेथपोरा में सीआरपीएफ जवानों के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था। हमलावर आदिल अहमद डार ने विस्फोटकों से भरी कार बस से टकरा दी थी, जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक हमजा बुरहान ने इस हमले की साजिश तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.