कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026: 1000 श्रद्धालुओं का चयन, अब बिना कठिन ट्रैकिंग होगा सफर

नई दिल्ली। S. Jaishankar ने कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के लिए चुने गए श्रद्धालुओं की अंतिम सूची जारी कर दी है। इस बार यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। विदेश मंत्रालय द्वारा कंप्यूटर आधारित रैंडम ड्रा के जरिए कुल 1000 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई और इसमें महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की समान भागीदारी सुनिश्चित की गई।

यात्रा जून 2026 से शुरू होकर अगस्त तक चलेगी। चयनित श्रद्धालुओं को 20 अलग-अलग बैचों में भेजा जाएगा, जिसमें प्रत्येक बैच में 50 यात्री शामिल होंगे। यात्रियों की सूची और बैच संबंधी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

इस बार यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि लिपुलेख दर्रा और नाथू ला दर्रा दोनों मार्ग अब लगभग पूरी तरह मोटरेबल हो चुके हैं। पहले जहां श्रद्धालुओं को लंबी और कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ती थी, वहीं अब अधिकतर सफर वाहन के माध्यम से पूरा किया जा सकेगा। इससे बुजुर्ग और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि चयनित श्रद्धालुओं को एसएमएस और ईमेल के जरिए सूचना भेजी जा चुकी है। यात्री वेबसाइट पर लॉग-इन कर अपना चयन स्टेटस भी देख सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-23088214 जारी किया गया है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि कंप्यूटर ड्रा में जो रूट और बैच आवंटित किया गया है, उसमें सामान्य परिस्थितियों में बदलाव नहीं किया जाएगा। चयनित यात्रियों को तय समय सीमा के भीतर एडवांस राशि जमा करनी होगी। भुगतान समय पर नहीं करने पर चयन स्वतः रद्द कर दिया जाएगा और प्रतीक्षा सूची के श्रद्धालु को मौका मिलेगा। यात्रा से पहले ऑनलाइन री-कन्फर्मेशन करना भी अनिवार्य होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.