श्रीनगर। Manoj Sinha ने दावा किया है कि धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा हालात में बड़ा सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि घाटी में आतंकी गतिविधियां लगभग समाप्त हो चुकी हैं और नई आतंकी भर्ती भी अब न के बराबर रह गई है।
मीडिया से बातचीत में एलजी सिन्हा ने कहा कि सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए घाटी में सक्रिय आतंकी संगठनों के शीर्ष कमांडरों को मार गिराया है। हालांकि सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशें अब भी जारी हैं, लेकिन Border Security Force और सेना के जवान इन्हें लगातार नाकाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों को भी मार गिराया गया है और उनके मददगारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एलजी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में नशे का बढ़ता कारोबार एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि आतंकवाद और नशे का गहरा संबंध है और आतंकी नेटवर्क को कमजोर करने के लिए ड्रग्स तस्करी पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले 38 दिनों के दौरान पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 766 एफआईआर दर्ज की हैं। इस अभियान में 856 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 677 किलोग्राम ड्रग्स भी जब्त की गई है। एलजी के मुताबिक, सरकार का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर से नशे के पूरे नेटवर्क को खत्म करना है।
सिन्हा ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां साइबर जिहादियों और ऑनलाइन कट्टरपंथी गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रख रही हैं। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए नशा मुक्त अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें आम जनता की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार, सुरक्षा बलों और जनता के संयुक्त प्रयासों से जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का माहौल और मजबूत होगा।