देहरादून में निकली अनोखी साइकिल रैली, 100 वर्षीय बुजुर्ग बने आकर्षण का केंद्र

देहरादून। पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार सुबह देहरादून में ‘पर्यावरण संकल्प साइकिल रैली’ का आयोजन किया गया। Harbans Kapoor Memorial Trust द्वारा आयोजित इस रैली को ओएनजीसी केवी स्कूल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में Ganesh Joshi और कैंट विधायक Savita Kapoor मौजूद रहीं।

रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली ओएनजीसी केवी स्कूल से शुरू होकर आईपी चौक, बल्लूपुर चौक और बल्लीवाला चौक से होते हुए होटल सैफरोन लीफ ग्राउंड में संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने हाथों में ‘पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ’ और ‘साइकिल चलाओ, ईंधन बचाओ-स्वास्थ्य बनाओ’ जैसे जागरूकता संदेश लिखे पोस्टर थाम रखे थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सविता कपूर ने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के बीच लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के प्रति जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वर्गीय हरबंस कपूर के समाज सेवा और प्रकृति संरक्षण के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदूषण आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में साइकिल का उपयोग ईंधन बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्वर्गीय हरबंस कपूर को याद करते हुए कहा कि वे स्वयं भी साइकिल और स्कूटर का अधिक उपयोग कर लोगों को ईंधन बचत का संदेश देते थे।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण 100 वर्षीय वेद प्रकाश दुग्गल रहे, जिन्होंने साइकिल चलाकर लोगों को फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश दिया। रैली में करीब 500 साइकिलिस्ट शामिल हुए। अंत में सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई तथा मेडल देकर सम्मानित किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.