NEET पेपर लीक पर राहुल गांधी का बड़ा हमला, शिक्षा मंत्री को हटाने की उठाई मांग

नई दिल्ली,   लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आने के बावजूद सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि नीट-यूजी 2026 का पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द करनी पड़ी और मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शिक्षा व्यवस्था लगातार विफल हो रही है तो प्रधानमंत्री मोदी शिक्षा मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि देश के करोड़ों छात्र और अभिभावक सरकार से जवाब मांग रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश में बार-बार होने वाले पेपर लीक छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ‘परीक्षा पे चर्चा’ तो करती है, लेकिन जब परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं तब चुप्पी साध लेती है।

राहुल गांधी ने इस दौरान सीबीएसई की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीबीएसई के खराब ओएसएम सिस्टम के कारण 12वीं के कई छात्रों को उम्मीद से कम अंक मिले, जिससे वे कॉलेजों में दाखिले की योग्यता खो बैठे। इसके अलावा उन्होंने नई भाषा नीति को लेकर भी चिंता जताई। राहुल गांधी ने कहा कि 9वीं कक्षा के लाखों छात्रों को 1 जुलाई से नई भाषा सीखने के लिए कहा गया है, जबकि न पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हैं और न ही किताबें। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को अस्थायी समाधान के रूप में 6वीं कक्षा की किताबें दी जा रही हैं।

राहुल गांधी के इस बयान के बाद शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.