राजकोट हाईवे पर दर्दनाक हादसा: चलती बस बनी आग का गोला, चार यात्री जिंदा जले

राजकोट। गुजरात के राजकोट जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। चोटीला-राजकोट नेशनल हाईवे पर सांगाणी गांव के पास अहमदाबाद से राजकोट जा रही एक निजी ट्रैवल्स बस डामर से भरे टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही पलों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। हादसे में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे डामर से भरे टैंकर का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही निजी बस टैंकर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेजी से फैल गई। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बस में सवार यात्रियों ने जान बचाने के लिए शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। कई यात्री आग और गर्म डामर की चपेट में आकर झुलस गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल पंप से फायर सिलेंडर लाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन टैंकर से बह रहे गर्म डामर के कारण आग लगातार बढ़ती रही।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 30 से 35 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों के शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकोट सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना हुआ है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.