श्रीनगर में बड़ा आतंकी नेटवर्क बेनकाब, लश्कर के दो मददगार हथियारों सहित गिरफ्तार

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियान के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। श्रीनगर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े दो सक्रिय मददगारों को गिरफ्तार कर आतंकी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। यह कार्रवाई शहर के बाबा डेम इलाके में रूटीन नाका चेकिंग के दौरान की गई, जहां मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस और आतंकी संगठन से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैसल अहमद भट और फैसल अहमद गुरू के रूप में हुई है। दोनों क्रमशः मलपोरा हब्बाकदल और राजोरी कदल इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्तौल, तीन मैगजीन, 21 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और लश्कर-ए-तैयबा के 10 धमकी भरे पोस्टर बरामद किए हैं।

प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी घाटी में सक्रिय आतंकियों के लिए काम कर रहे थे और संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने में मदद कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इनके नेटवर्क और अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और उसके समर्थकों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 25 दिनों के दौरान घाटी के अलग-अलग हिस्सों से अब तक 16 आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले 18 अप्रैल को हवल इलाके से चार लोगों को पकड़ा गया था, जबकि 23 अप्रैल को एक महिला समेत चार अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इसके अलावा 26 अप्रैल और 2 मई को भी सुरक्षाबलों ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया था।

सुरक्षा एजेंसियों ने साफ किया है कि आतंकियों और उनके नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.