मुंबई। अभिनेत्री Surbhi Chandna अपनी नई वेब सीरीज Ishq Dum Aur Idli Rasam को लेकर काफी उत्साहित हैं। सुरभि का कहना है कि यह सीरीज सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि परिवार, रिश्तों, भावनाओं और सांस्कृतिक विरासत का खूबसूरत उत्सव है। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट में वह केवल अभिनेत्री के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के रूप में भी जुड़ी हुई हैं।
Balaji Telefilms के बैनर तले बनी यह सीरीज दर्शकों को दक्षिण भारतीय संस्कृति, खाने की खुशबू और रिश्तों की गर्माहट से भरी भावनात्मक यात्रा पर ले जाएगी। कहानी एक पुराने साउथ इंडियन रेस्टोरेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो समय और बदलती परिस्थितियों से संघर्ष कर रहा है।
सीरीज में मीरा नायर नाम की एक युवा शेफ की कहानी दिखाई गई है, जिसका किरदार अभिनेत्री Shiny Doshi निभा रही हैं। मीरा अपने दिवंगत पिता की विरासत को संभालने की कोशिश कर रही है। उसके लिए यह रेस्टोरेंट सिर्फ कारोबार नहीं, बल्कि परिवार की भावनाओं और मूल्यों से जुड़ी एक अहम निशानी है। वह मानती है कि खाना केवल स्वाद नहीं, बल्कि प्यार, सेवा और अपनापन का प्रतीक होता है।
कहानी में नया मोड़ तब आता है जब अर्जुन ठाकुर की एंट्री होती है, जिसका किरदार Abhishek Kumar निभा रहे हैं। अर्जुन एक टैलेंटेड शेफ और निवेशक है, जो रेस्टोरेंट को नई पहचान देने का सपना दिखाता है। हालांकि उसकी सोच और काम करने का तरीका मीरा की दुनिया को पूरी तरह बदल देता है। दोनों के बीच टकराव, भावनाएं और रिश्तों का संघर्ष कहानी को दिलचस्प बनाता है।
सुरभि चंदना ने कहा कि यह शो उनके करियर का बेहद खास प्रोजेक्ट है और कैमरे के पीछे रचनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा बनना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। वहीं अभिषेक कुमार ने इसे साधारण लव स्टोरी से अलग बताते हुए कहा कि इस शो में खाना लोगों की भावनाओं और रिश्तों को जोड़ने का माध्यम बनता है।
यह वेब सीरीज 11 मई से यूट्यूब पर स्ट्रीम होगी। इसमें नेहा लक्ष्मी अय्यर, अमन सिंह, प्रेरणा सहगल, विजया लक्ष्मी गुरव और करण खन्ना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।