धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान ई-टिकट एंट्री सिस्टम दर्शकों के लिए बड़ी परेशानी बन गया। मैच देखने पहुंचे हजारों क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए घंटों लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। स्थिति ऐसी हो गई कि कई गेटों के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया।
स्टेडियम में दूसरी बार क्यूआर कोड स्कैन कर ई-टिकट के जरिए प्रवेश दिया गया। हालांकि गेट खुलने के बाद भी एंट्री प्रक्रिया बेहद धीमी रही। गेट नंबर दो पर डाइट गेट से लेकर बीएड कॉलेज तक लोगों की लंबी लाइनें लगी रहीं। कई दर्शक कतारें तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई।
सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों और युवाओं को हुई जिनके सभी टिकट एक ही मोबाइल फोन में थे। ऐसे में पूरा समूह एक साथ एंट्री के लिए इंतजार करता रहा, जिससे गेट के बाहर भीड़ बढ़ती गई। कई जगहों पर जैम जैसी स्थिति बन गई और पुलिस व निजी सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हालांकि इस बार महिलाओं और बच्चों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की गई थी, जिससे कुछ हद तक राहत मिली। इसके बावजूद अधिकतर दर्शकों को मैच शुरू होने के काफी देर बाद तक भी स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिल पाया। दर्शकों का कहना था कि शाम चार बजे गेट खुलने के बावजूद साढ़े सात बजे तक भी कई लोग बाहर ही खड़े रहे।
पुलिस लगातार लोगों से लाइन में खड़े रहने और धैर्य बनाए रखने की अपील करती रही, लेकिन लंबे इंतजार के कारण दर्शकों में नाराजगी साफ दिखाई दी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और निजी सिक्योरिटी तैनात की गई थी, फिर भी भीड़ को नियंत्रित करना चुनौती बना रहा।
ई-टिकट सिस्टम को आधुनिक और तेज व्यवस्था के तौर पर लागू किया गया था, लेकिन धर्मशाला स्टेडियम में यह व्यवस्था दर्शकों के लिए असुविधा का कारण बन गई।