30 मई की डेडलाइन! राशन बंद होने से बचना है तो तुरंत करें e-KYC

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी लाभार्थी 30 मई तक अपनी ई-केवाईसी हर हाल में पूरी कर लें, अन्यथा भविष्य में राशन प्राप्त करने में दिक्कत हो सकती है।

सरकार ने इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मेरा ई-केवाईसी नाम से एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है। यह ऐप खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और असहाय लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि वे घर बैठे ही अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकें।

इस ऐप के जरिए लाभार्थियों को सिर्फ आधार नंबर दर्ज करना होता है। इसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी आता है, जिसे दर्ज करने के बाद फेस रिकॉग्निशन के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

आंकड़ों के मुताबिक, सफेद राशन कार्ड धारकों में अब तक 72 प्रतिशत लोगों ने अपनी ई-केवाईसी पूरी कर ली है। कुल 9,58,624 लाभार्थियों में से 6,91,086 लोगों ने यह प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं, पीले राशन कार्ड धारकों में यह आंकड़ा अभी 40 प्रतिशत के आसपास है, जहां 5,03,316 में से केवल 1,98,241 लोगों ने ई-केवाईसी कराई है।

सरकार ने शेष लाभार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी ई-केवाईसी पूरी कर लें, ताकि उन्हें सरकारी राशन योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे।

अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पारदर्शिता बढ़ाने और फर्जी लाभार्थियों को हटाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.