वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस के पास सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी ने गोली चला दी। घटना उस वक्त हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर एक बिजनेस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, व्हाइट हाउस परिसर के बाहरी क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ मुठभेड़ के दौरान सीक्रेट सर्विस अधिकारी को हथियार का इस्तेमाल करना पड़ा। हालांकि, अधिकारी ने किन परिस्थितियों में गोली चलाई, इस बारे में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं हुई है। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। साक्ष्य जुटाने और जांच के मद्देनजर आसपास की कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
अधिकारियों ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि गोली लगने वाला संदिग्ध कौन था और उसकी स्थिति क्या है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या वह व्यक्ति सीधे तौर पर व्हाइट हाउस या राष्ट्रपति के लिए कोई खतरा था।
सीक्रेट सर्विस ने अपने बयान में कहा है कि मामले की गहन जांच जारी है और जैसे-जैसे तथ्य सामने आएंगे, जानकारी साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के समय में डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर अमेरिका में चिंताएं बढ़ी हैं। इससे पहले भी उन पर हमले की कोशिशें और धमकियां सामने आ चुकी हैं। हाल ही में एक सशस्त्र व्यक्ति ने वॉशिंगटन के एक होटल में सुरक्षा घेरा तोड़ने का प्रयास किया था, जिसमें एक एजेंट घायल हुआ था। वहीं 2025 में एक रैली के दौरान भी उन पर जानलेवा हमला हुआ था।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां ‘लोन वोल्फ’ हमलों और राजनीतिक हिंसा के खतरे को गंभीरता से ले रही हैं।