कुंभ 2027 की तैयारियों में देरी पर सख्त हुए मुख्य सचिव, अधिकारियों को लगाई फटकार

देहरादून। सचिवालय में आयोजित सचिव समिति की बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। बैठक के दौरान कुंभ मेला 2027 की तैयारियों में धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा कि अधिकारी पूरी तैयारी के साथ बैठक में आएं।

मुख्य सचिव ने कुंभ 2027 से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित शासनादेशों को जल्द जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि समय पर प्रक्रियाएं पूरी नहीं की गईं तो निर्माण कार्यों में देरी होगी, जिससे आयोजन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जाए।

बैठक में वन विभाग से प्रदेश में वनाग्नि की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली गई। मुख्य सचिव ने कहा कि फॉरेस्ट फायर की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रिस्पांस टाइम को लगातार कम किया जाना चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों की जनपदवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए, ताकि वे मौके पर जाकर स्थिति का आकलन कर सकें और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर सकें।

इसके साथ ही उन्होंने जंगलों में जानबूझकर आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है।

बैठक में एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति पर भी चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में गैस की मांग और आपूर्ति पर लगातार नजर रखें। साथ ही कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं, ताकि प्रदेश में व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.