ऋषिकेश। प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के पंजीकरण हेतु ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अचानक चारधाम यात्रियों के पंजीकरण के लिए बने ऋषिकेश बस टर्मिनल के समीप स्थित सबसे बड़े ट्रांजिट कैंप और जांच केंद्र पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में वायरलेस सेट न होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल से दूरभाष पर बात कर उन्हें तत्काल वायरलेस सेट मशीन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां स्थित यात्री विश्राम कैम्पों में जाकर यात्रियों से भी बातचीत की। सभी यात्री सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आये।
इस अवसर पर प्रेस से बातचीत करते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री महाराज ने कहा कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी वैसे-वैसे यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होगा इसलिए हमें अभी से तैयार रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैंप में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद हैं।