मुंबई में साइबर अपराध का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पुलिस कांस्टेबल एक संदिग्ध एपीके लिंक पर क्लिक करने के बाद ठगी का शिकार हो गईं। इस साइबर धोखाधड़ी में आरोपियों ने उनके नाम पर 12.5 लाख रुपये का लोन लेकर रकम हड़प ली।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 जनवरी 2026 की है। पीड़िता ने जैसे ही एक संदिग्ध एपीके लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके साथ ही उनका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी निष्क्रिय हो गया, जिससे उन्हें बैंक से आने वाले किसी भी ट्रांजैक्शन अलर्ट की जानकारी नहीं मिल सकी।
शुरुआत में पीड़िता को अपने खाते से 28,000 रुपये निकाले जाने का पता चला। हालांकि, जब मामले की गहराई से जांच की गई, तो बड़ा खुलासा हुआ। 20 जनवरी को उनके नाम पर 12.5 लाख रुपये का ऑनलाइन लोन स्वीकृत किया गया और यह पूरी राशि अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के जरिए एक निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई, जो कथित तौर पर उत्तम पात्रा नामक व्यक्ति से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच पीड़िता के खाते से 78,590 रुपये की ईएमआई भी काटी जा चुकी है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान और बढ़ गया। पीड़िता वर्ष 1997 से पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में विक्रोली पुलिस स्टेशन में तैनात हैं।
इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और साइबर पुलिस समानांतर रूप से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि साइबर अपराधी कितनी चालाकी से लोगों को निशाना बना रहे हैं। विशेषज्ञों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें और अपने मोबाइल व बैंकिंग सुरक्षा उपायों को मजबूत रखें।