देहरादून ट्रैफिक पर सख्त रुख: Anand Bardhan बोले—तुरंत सुधार करो, नहीं तो कार्रवाई

Dehradun। देहरादून शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव Anand Bardhan ने सख्त रुख अपनाया है। सचिवालय में आयोजित देहरादून मोबिलिटी प्लान की बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर के चालू होने के बाद शहर में यातायात दबाव और बढ़ेगा, खासकर सप्ताहांत और चारधाम यात्रा के दौरान। ऐसे में समय रहते प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने आढ़त बाजार के विस्थापन और रजिस्ट्री कार्य को 15 मई 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ध्वस्तीकरण कार्य जल्द शुरू करने को कहा। निरंजनपुर मंडी को भी शीघ्र शुरू कराने के लिए उपयुक्त भूमि चयन हेतु साईट सिलेक्शन कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सचिवालय और परेड ग्राउंड के पास अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए डीपीआर और व्यवहार्यता रिपोर्ट जल्द तैयार करने को कहा। शहर के प्रमुख जंक्शनों के सुधार कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने कारगी चौक का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार चार जंक्शनों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि छह प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि सितंबर 2026 तक शहर में 100 बसें संचालित की जाएं। इसके अलावा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालान, लेफ्ट टर्न को फ्री रखना और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने पुलिस विभाग को ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए सख्त कदम उठाने, एएनपीआर कैमरों से निगरानी बढ़ाने और टोइंग वैन की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.