नोएडा (ईएमएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार तड़के निधन हो गया। वह लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय थीं और कांग्रेस के उन अनुभवी चेहरों में शामिल थीं, जिन्हें पार्टी नेतृत्व, खासकर गांधी परिवार का बेहद करीबी और भरोसेमंद माना जाता था। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, उनका पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर तीन बजे नोएडा के सेक्टर-40 स्थित आवास से अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जाएगा। इसके बाद शाम करीब पांच बजे दिल्ली के निजामुद्दीन कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
मोहसिना किदवई का राजनीतिक जीवन बेहद प्रभावशाली और लंबा रहा। उन्होंने केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और हज कमेटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष भी रहीं। वह कई बार सांसद चुनी गईं और कांग्रेस संगठन में महासचिव, कांग्रेस कार्य समिति और केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य के रूप में अहम भूमिका निभाई।
उनके निधन पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने किदवई को एक शालीन, विनम्र और समर्पित नेता बताया। तिवारी ने कहा कि उनके व्यक्तित्व में सरलता और गरिमा का अद्भुत मेल था, और उनकी मुस्कान हमेशा लोगों के दिलों में जगह बनाती थी।
मोहसिना किदवई ने अपने राजनीतिक सफर में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने में भी अहम योगदान दिया। उनका निधन न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि भारतीय राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके कार्यों और योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

