After Header-1

चारधाम यात्रा में नए नियम लागू: मंदिरों में मोबाइल और रील्स पर सख्त रोक

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर यात्रा व्यवस्थाओं को तेजी से सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। 3 अप्रैल तक कुल 11,68,644 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें सबसे अधिक 3,93,690 पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं, जबकि बदरीनाथ धाम के लिए 3,45,224, गंगोत्री के लिए 2,13,500 और यमुनोत्री के लिए 2,08,221 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।

चारधाम यात्रा के कपाट खुलने की तिथियां भी घोषित की जा चुकी हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को, केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

इस बार यात्रा के दौरान कुछ महत्वपूर्ण नियम भी लागू किए जाएंगे। मंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में गैर सनातनियों के प्रवेश पर सख्ती से रोक रहेगी। इसके साथ ही मंदिर परिसरों के 70 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन ले जाने और फोटो-वीडियो बनाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय मंदिर की गरिमा बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

श्रद्धालुओं के लिए आवास और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। विश्राम गृहों में व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा रही हैं, जबकि पूजा बुकिंग की सुविधा जल्द ही ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.