After Header-1

दून पुलिस का कमाल: 70 लाख के 415 खोए मोबाइल बरामद, लोगों में खुशी की लहर

देहरादून। दून पुलिस ने तकनीकी दक्षता और जनसेवा का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर क्राइम सेल की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए 415 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत 70 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने खोए हुए फोन की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे अपने मोबाइल वापस पाकर खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार भी जताया।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि साइबर क्राइम सेल की टीम ने आधुनिक तकनीक, सर्विलांस और लगातार निगरानी के माध्यम से इस अभियान को सफल बनाया है। उन्होंने कहा कि मोबाइल चोरी या गुम होने की घटनाओं में तकनीकी सहायता से ट्रैकिंग कर ऐसे मामलों को सुलझाना संभव हो पाया है।

उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम जनता को राहत पहुंचाना भी है। इसी दिशा में इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं और भविष्य में भी जारी रहेंगे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की गुमशुदगी या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

दून पुलिस की इस कार्रवाई को आम जनता के बीच सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.