रुड़की। उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और मिनी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष ममता पुरी ने परियोजना अधिकारी रुड़की प्रथम को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी समस्याओं और हालिया घटनाक्रम को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
ममता पुरी ने बताया कि 14 मार्च को प्रदेश स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाना था। हालांकि, आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें रास्ते में रोक दिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को जबरन वाहनों में बैठाया गया, जिससे कार्यकत्रियों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि इस तरह के व्यवहार से कर्मचारियों का मनोबल टूटता है। इसी के विरोध में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने निर्णय लिया है कि वे अपने केंद्रों पर केवल उपस्थिति दर्ज कराएंगी, लेकिन पोषण ट्रैकर समेत अन्य कार्य नहीं करेंगी।
ममता पुरी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों, विशेषकर मानदेय बढ़ोतरी, पर जल्द निर्णय नहीं लेती है, तो सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का कहना है कि वे सरकार से सम्मानजनक व्यवहार और उचित मानदेय की अपेक्षा रखती हैं। यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।