देहरादून। देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी Savina Bansal के निर्देश पर गठित क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत टीम ने गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स की भी जांच की गई।
रिंग रोड स्थित 6 नंबर पुलिया, रायपुर रोड और रायपुर बाजार क्षेत्र में लगभग 40 होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स की जांच के दौरान 6 घरेलू गैस सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में पाए गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन सिलेंडरों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
जब्त किए गए सिलेंडरों को Adhunik Gas Service Jogiwala की सुपुर्दगी में दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह अवैध है और इस तरह के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि गैस की कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा है, वहीं आम लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है। इससे यह भी संकेत मिलता है कि अब नियमों के उल्लंघन पर किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।