देहरादून। Graphic Era Deemed to be University में आयोजित हाइब्रिड मैटेरियल्स विषय पर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस सम्मेलन में देश और विदेश के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं तथा शिक्षाविदों ने आधुनिक मैटीरियल्स और स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों पर गहन चर्चा की।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए National Physical Laboratory के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. भानुप्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी विकास का युग है, जहां विज्ञान और तकनीक केवल जीवन को आसान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उद्योग, पर्यावरण और वैश्विक अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही है। उन्होंने विशेष रूप से कार्बन नैनोट्यूब, ग्राफीन आधारित सामग्री और ऊर्जा भंडारण तकनीकों को भविष्य की प्रौद्योगिकी का आधार बताया।
तीन दिवसीय इस सम्मेलन में कुल 10 तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 60 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इन सत्रों में Nanotechnology, स्मार्ट मैटेरियल्स, ऊर्जा भंडारण प्रणालियां, हरित तकनीक और औद्योगिक नवाचार जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
सम्मेलन में हाइब्रिड मोड के माध्यम से देश-विदेश के प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिससे वैश्विक स्तर पर शोध और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिला। विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि उन्नत मैटीरियल्स भविष्य की ऊर्जा चुनौतियों का समाधान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और सतत विकास के लक्ष्य को हासिल करने में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम के दौरान युवा शोधार्थियों को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने और वरिष्ठ वैज्ञानिकों से संवाद का अवसर मिला, जिससे उन्हें नए शोध दृष्टिकोण और तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। आयोजन को वैज्ञानिक समुदाय के लिए ज्ञान साझा करने और सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच माना गया।