यशोभूमि में सजी ऊर्जा क्षेत्र की वैश्विक प्रदर्शनी, जानिए टीएचडीसी ने क्या पेश किया खास

ऋषिकेश। ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी THDC India Limited ने नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026  में सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई है। यह वैश्विक सम्मेलन और प्रदर्शनी 22 मार्च 2026 तक यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जा रही है, जहां देश-विदेश की ऊर्जा कंपनियां और विशेषज्ञ नवीनतम तकनीकों और परियोजनाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के स्टॉल का उद्घाटन केंद्रीय विद्युत एवं आवास तथा शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी तथा केंद्रीय विद्युत एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम में विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल भी उपस्थित रहे। टीएचडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए कंपनी की प्रमुख परियोजनाओं और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

सम्मेलन में टीएचडीसी ने अपनी जलविद्युत, पंप्ड स्टोरेज और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं से जुड़ी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित किया। कंपनी के स्टॉल पर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और उद्योग प्रतिनिधियों ने विशेष रुचि दिखाई और विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।

भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 को ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग, नवाचार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से टीएचडीसी जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को अपनी क्षमताओं और परियोजनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.