कट्टे में मिला महिला का शव, 2500 सीसीटीवी खंगालने के बाद पति निकला हत्यारा

देहरादून।  प्रेमनगर क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला तब और गंभीर हो गया जब जांच के बाद खुलासा हुआ कि महिला की हत्या उसके ही पति ने की थी और शव को जंगल में फेंक दिया था।

घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना प्रेमनगर को मिली, जिसमें बताया गया कि मॉडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर परिसर के पास जंगल में एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि शव कट्टे के भीतर था और पास में एक रजाई पड़ी थी, जिससे अंदेशा हुआ कि शव को ढककर फेंका गया है।

घटनास्थल पर उत्तराखंड पुलिस की फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव करीब 4 से 5 दिन पुराना था और चेहरा पूरी तरह खराब हो चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां डॉक्टरों के पैनल ने गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अजय सिंह (एसएसपी) के निर्देश पर आठ अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास के जंगलों में कॉम्बिंग अभियान चलाया और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन घटनास्थल पर कोई कैमरा न होने और क्षेत्र के घने जंगल होने के कारण शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने महिला की पहचान के लिए आसपास की झुग्गी-बस्तियों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। करीब 30 बस्तियों में जाकर 5000 से अधिक लोगों का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके साथ ही मृतका की तस्वीर वाले पर्चे वितरित किए गए और सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को कॉसवाली कोठरी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन में काम करने वाले मजदूर के बारे में जानकारी मिली, जिसकी पत्नी होली के आसपास से अचानक गायब थी। ठेकेदार से पूछताछ में पता चला कि मजदूर का नाम रंजीत शर्मा है और उसकी दो पत्नियां हैं। उसकी पहली पत्नी रूपा फरवरी में अपनी बच्ची के साथ उसके पास आई थी और उसी निर्माणाधीन साइट पर रह रही थी।

ठेकेदार ने बताया कि 8 मार्च को रंजीत ने अपनी पत्नी और बच्ची को बिहार भेजने की बात कहकर मोटरसाइकिल और पैसे उधार लिए थे। अगले दिन उसने लौटकर बताया कि उसकी पहली पत्नी बिहार चली गई है और दूसरी पत्नी आ गई है। कुछ दिनों बाद वह दूसरी पत्नी और पहली पत्नी की बच्ची के साथ दूसरे स्थान पर रहने लगा।

इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम भाटोवाला पहुंची, जहां संदिग्ध रंजीत शर्मा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने अपनी पहली पत्नी रूपा की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कट्टे में भरकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले में पुलिस की सतर्कता और लगातार की गई जांच के चलते एक जघन्य हत्या का खुलासा हो सका।

Leave A Reply

Your email address will not be published.