After Header-1

देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा जल्द, केंद्र से मिली बड़ी अपडेट

देहरादून  उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत उड़ान सेवा जल्द शुरू हो सकती है।

दरअसल, मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर इस मार्ग पर हवाई सेवाओं को मजबूत करने का अनुरोध किया था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस रूट पर उड़ान संचालन के लिए स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद कंपनी इस मार्ग पर नियमित आरसीएस उड़ानों का संचालन शुरू करेगी।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार देहरादून-पिथौरागढ़ मार्ग पर हवाई सेवा को सुदृढ़ बनाने के लिए अन्य विमानन कंपनियों से भी संपर्क कर रही है, ताकि यात्रियों को अधिक विकल्प मिल सकें और सेवा नियमित रूप से संचालित हो सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार से विशेष रूप से सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच नियमित उड़ान सेवा शुरू होने से इन क्षेत्रों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। यह पहल राज्य के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.