देहरादून, 09 नवंबर। उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की विकास यात्रा, आध्यात्मिक विरासत, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सीमांत क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री का पत्र साझा करते हुए आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से उत्तराखंड अलग राज्य बना था। स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के साहस, स्वाभिमान और विकास के संकल्प को याद करने का अवसर है।
मोदी ने उत्तराखंड को हिमालय की गोद में बसा प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अद्भुत संगम बताया। उन्होंने चारधाम, पंच केदार, पंच प्रयाग, आदि कैलाश और हेमकुंड साहिब का उल्लेख करते हुए प्रदेश की धार्मिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं की सराहना की।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को बताया विकास की ताकत
प्रधानमंत्री ने चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ में करीब 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत गांवों में सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया।
उन्होंने पर्यटन, होमस्टे, शीतकालीन पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार और महिला सशक्तीकरण की योजनाओं की सराहना की।
समान नागरिक संहिता और सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू होने, नकल विरोधी कानून और सुशासन से जुड़े प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लोकसंस्कृति, इगास-बग्वाल, फूलदेई, छोलिया नृत्य और पारंपरिक व्यंजनों को प्रदेश की विशिष्ट पहचान बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव उनके विचारों और निरंतर प्रयासों में दिखाई देता है। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश विकास, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

