After Header-1

पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाने और खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि को लेकर जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की घोषणा करते हुए वहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की बात कही।

धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने की घोषणा की। इसमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों पर विजेताओं की पुरस्कार राशि बढ़ाई जाएगी। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500 से 700 रुपये, संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800 से 1,000 रुपये और राज्य स्तर पर 1,500 से बढ़ाकर 2,000 रुपये किया जाएगा।

वहीं, ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा की गई। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित बजट में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण संभव हुआ और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम और एकजुटता की भावना मजबूत करते हैं।

धामी ने युवाओं से खेल, योग और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली के जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.