After Header-1

वाराणसी एयर शो में राफेल-सुखोई की गर्जना, सारंग टीम ने आसमान में बनाया तिरंगा

वाराणसी। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित मेगा एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के दूसरे दिन शनिवार को रोमांच और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। राफेल और सुखोई-30 एमकेआई जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना से गंगा का आसमान गूंज उठा। वहीं, सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने हवा में तिरंगा फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

सारंग टीम के करतबों ने जीता दिल

एयर शो की शुरुआत हेलीकॉप्टरों के शानदार प्रदर्शन से हुई। सारंग टीम के पायलटों ने बेहतरीन तालमेल और सटीक उड़ान का परिचय देते हुए आसमान में तिरंगे की आकृति बनाई। इस दृश्य ने घाटों पर मौजूद लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। दर्शकों ने तालियों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ वायुसेना के जांबाजों का अभिनंदन किया।

इसके बाद राफेल और सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों ने अपनी रफ्तार, ताकत और अद्भुत हवाई कौशल का प्रदर्शन किया। विमानों के तेज गोते, अचानक दिशा बदलने और ऊंचाई पर सटीक नियंत्रण ने लोगों को रोमांचित कर दिया। जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमान भी आकर्षण का केंद्र रहे।

100 विमानों ने दिखाया वायुसेना का दम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एयर शो में कुल 100 विमान शामिल हुए। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल है। इन विमानों ने देश के 12 वायुसेना अड्डों से उड़ान भरी। प्रदर्शन के दौरान 25 विमानों के फॉर्मेशन ने भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता, तकनीकी दक्षता और आपसी समन्वय की झलक पेश की।

घाटों पर उमड़ी भीड़, कई इलाकों में जाम

एयर शो देखने के लिए सुबह से ही नमो घाट और आसपास के गंगा घाटों पर लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी। हालांकि, बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने से शहर और राजघाट क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ गया और कई इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही।

रविवार को एयर शो के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित है। ‘विंग्स ओवर गंगा’ काशी में राष्ट्रीय गौरव और भारतीय वायुसेना के शौर्य का भव्य प्रदर्शन बन गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.