हरिपुर के यमुना कृष्ण धाम तक बनेगा मोटर मार्ग? सतपाल महाराज ने दिया विकास कार्यों को प्राथमिकता का भरोसा
समिति ने ज्ञापन में बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत हरिपुर घाट के दूसरे चरण का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसी परियोजना के अंतर्गत यमुना कृष्ण धाम परिसर में मां यमुना की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास जरूरी है।
लोक पंचायत यमुना तीर्थ समिति के अध्यक्ष गंभीर सिंह चौहान ने कहा कि मां यमुना की प्रतिमा के समीप करीब 40 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार का निर्माण आवश्यक है। इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षा मिलेगी और प्रतिमा स्थल के आसपास व्यवस्था बेहतर होगी। समिति के अनुसार, प्रस्तावित दीवार के निर्माण के लिए संबंधित भूमि सिंचाई विभाग, उत्तराखंड की है।
समिति ने कैबिनेट मंत्री से सिंचाई विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया। इसके साथ ही प्रतिमा परिसर के नजदीक वाहनों की पार्किंग विकसित करने और पहुंच मार्ग को सुगम बनाने की मांग भी रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने में परेशानी न हो।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने यमुना कृष्ण धाम में स्थापित मां यमुना की भव्य प्रतिमा की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिमा की स्थापना से क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा और यह स्थल धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि यमुना कृष्ण धाम और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक प्रयास करने की बात कही।
इस अवसर पर समिति सचिव सतपाल सिंह चौहान, श्रीचंद शर्मा, नैन सिंह राणा, गंभीर चौहान, ग्राम प्रधान सूरत सिंह, सुनील वर्मा और राजन रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
