After Header-1

चेन्नई में नई मेट्रो सेवा शुरू, पीएम मोदी और सीएम विजय ने एक साथ किया सफर

चेन्नई, 11 अक्टूबर। चेन्नई में मेट्रो रेल के दूसरे चरण के तहत पूंदमल्ली बाईपास से वडपलनी के बीच नई मेट्रो सेवा शुरू कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने संयुक्त रूप से इस सेवा का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद दोनों नेताओं ने एक ही मेट्रो ट्रेन में सफर किया और यात्रियों तथा स्कूली विद्यार्थियों से बातचीत की।

करीब 14.6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को चेन्नई में यातायात का दबाव कम करने और लोगों के सफर को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस खंड के तहत 11 मेट्रो स्टेशन यात्रियों के लिए खोले गए हैं। मेट्रो सेवा शुरू होने से शहर के लोगों को आवागमन का एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। साथ ही सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने और यात्रा समय घटाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

हवाई अड्डे पर हुआ प्रधानमंत्री का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह विशेष विमान से चेन्नई पहुंचे। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री विजय और राज्य के मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पोरूर के लिए रवाना हुए। रास्ते में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

मेट्रो में विद्यार्थियों और यात्रियों से बातचीत

पोरूर मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नई मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विजय के साथ मेट्रो ट्रेन में यात्रा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने ट्रेन में मौजूद आम यात्रियों और विद्यार्थियों से बातचीत की। दोनों नेताओं का एक साथ मेट्रो में सफर करना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

यातायात व्यवस्था को मिलेगी राहत

चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का उद्देश्य शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करना है। पूंदमल्ली बाईपास-वडपलनी खंड के शुरू होने से इस मार्ग पर रहने वाले लोगों और नियमित यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

मेट्रो प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। नए खंड के चालू होने से चेन्नई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से शहर में आवागमन और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.