After Header-1

रियाद एयरपोर्ट पर बार-बार हमले से बढ़ी चिंता, भारत ने सऊदी अरब के समर्थन में दिया बड़ा बयान

नई दिल्ली। सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचों पर हुए हमलों को लेकर भारत ने कड़ी नाराजगी जताई है। भारत ने इन हमलों की निंदा करते हुए आम नागरिकों और सार्वजनिक सुविधाओं को निशाना बनाए जाने को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। साथ ही सऊदी अरब की संप्रभुता और सुरक्षा के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की है।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों के दौरान रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बार-बार हमले हुए हैं। इनमें 10 अक्टूबर को किया गया हमला भी शामिल है। इन घटनाओं में लोगों की जान गई, कई लोग घायल हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

भारत ने हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर बार-बार किए जा रहे हमले किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किए जा सकते। ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की जरूरत है।

बयान में कहा गया कि भारत सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की सरकार और जनता के साथ मजबूती से खड़ा है। भारत ने क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद भी जताई।

आभा एयरपोर्ट पर भी हुआ था हमला

उल्लेखनीय है कि इससे पहले सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हमला हुआ था। इस घटना में मोरक्को और अल्जीरिया की दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि 28 लोग घायल हुए थे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति मामूली से लेकर गंभीर तक बताई गई थी।

इसके बाद बुधवार को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया। शनिवार को भी यहां हमला होने की जानकारी सामने आई। लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों की हिफाजत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

भारत ने अपने बयान में उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द तनाव कम होगा और शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.