After Header-1

कुंभ 2027 की तैयारियों में अब नहीं चलेगी ढिलाई, मुख्य सचिव ने तय की डेडलाइन

देहरादून। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर सरकार ने काम में तेजी लाने के साथ समयसीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों से कहा कि कुंभ से जुड़े निर्माण और अन्य जरूरी कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो काम समानांतर रूप से किए जा सकते हैं, उन्हें साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि समय का बेहतर इस्तेमाल हो सके।

मुख्य सचिव ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में कहा कि जनगणना और निर्वाचन संबंधी कार्यों के चलते कुंभ के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से मानव संसाधन की योजना तैयार की जाए। संबंधित विभाग अपनी जरूरत का आकलन कर समय पर तैनाती की कार्ययोजना बनाएं।

उन्होंने कुंभ क्षेत्र में बेहतर साइनेज व्यवस्था पर भी जोर दिया। साइनेज पर क्यूआर कोड लगाने का सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को इसके माध्यम से संबंधित स्थान के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है। मेला क्षेत्र की विभिन्न लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी के लिए समर्पित मोबाइल ऐप तैयार करने पर भी विचार करने को कहा।

मुख्य सचिव ने अस्थायी पुलों के निर्माण की नियमित निगरानी करते हुए इन्हें नवंबर के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ के दौरान तैयार होने वाली स्थायी व्यवस्थाओं के मेले के बाद संचालन और रखरखाव की योजना भी अभी से तैयार करने को कहा।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर उन्होंने सरकारी और सरकारी एजेंसियों की जमीन पर जरूरी कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। नहरबंदी के दौरान होने वाले कामों की पूर्व तैयारी पूरी कर उस अवधि का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया।

सिंचाई और पेयजल विभाग के कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी काम कुंभ शुरू होने से पहले पूरे हो जाने चाहिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग और अन्य जरूरी इंतजाम भी समय से तैयार किए जाएं।

मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने को कहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.