एशियन गेम्स 2026: धीरज-नीरज का कमाल, रिकर्व क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

आइची-नागोया, 29 सितंबर। एशियाई खेल 2026 में भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मदेवरा और नीरज चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों ने राउंड ऑफ 16 में जीत दर्ज कर अंतिम-8 में अपनी जगह पक्की की। खास बात यह रही कि नीरज चौहान ने दक्षिण कोरिया के कई बार के ओलंपिक पदक विजेता किम जे देओक को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

शीर्ष वरीय धीरज बोम्मदेवरा ने चीनी ताइपे के चेंग ह्सियांग-हुई को 6-2 से हराया। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस के गिर्विन गार्सिया को 6-0 से मात दी थी। चेंग के खिलाफ मुकाबले में धीरज को कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उन्होंने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और मुकाबला अपने नाम किया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना उज्बेकिस्तान के अमिरकोन सादिकोव से तीन अक्टूबर को होगा।

दूसरी ओर, नीरज चौहान ने राउंड ऑफ 16 में दक्षिण कोरिया के किम जे देओक को 6-4 से हराकर सभी को चौंका दिया। रैंकिंग राउंड में दूसरे स्थान पर रहे किम के खिलाफ नीरज ने मुकाबले की शुरुआत 3-1 की बढ़त के साथ की। हालांकि किम ने वापसी करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। एक और सेट बराबर रहने के बाद स्कोर 4-4 हो गया। निर्णायक सेट में नीरज ने धैर्य बनाए रखा और जीत हासिल की। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना भूटान के दोरजी लाम से होगा।

इस बीच, भारत का सर्फिंग अभियान समाप्त हो गया। किशोर कुमार अनबरासु को पुरुषों के शॉर्टबोर्ड क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के टोबी एस्पेजोन से हार मिली। किशोर ने कुल 5.37 अंक बनाए, जबकि एस्पेजोन ने 8.53 अंक हासिल किए।

मंगलवार को एथलेटिक्स, मुक्केबाजी और निशानेबाजी समेत कई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद है। गुलवीर सिंह और अविनाश साबले पुरुषों की 5000 मीटर फाइनल में उतरेंगे। गुलवीर इससे पहले 1500 और 10,000 मीटर में रजत जीत चुके हैं।

मुक्केबाजी में परवीन हुड्डा, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बेरवाल अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले खेलेंगे। तीनों का पदक पहले ही पक्का हो चुका है। इसके अलावा भारत निशानेबाजी, स्क्वैश, वॉलीबॉल, टेनिस, साइकिलिंग, कैनो स्लालम, स्पोर्ट क्लाइंबिंग और कुराश में भी चुनौती पेश करेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.