एशियन गेम्स में सिंधु का सफर थमा, चेन यू फेई ने पलटा क्वार्टर फाइनल

आइची-नागोया, 27 सितंबर। जापान के आइची-नागोया में जारी एशियाई खेलों में रविवार को भारतीय बैडमिंटन दल को निराशा हाथ लगी। स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु और युवा शटलर उन्नति हुड्डा महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। महिला युगल और मिश्रित युगल में भी भारतीय जोड़ियों को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही बैडमिंटन में भारत की चुनौती समाप्त हो गई।

महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधु का सामना चीन की चेन यू फेई से हुआ। सिंधु ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की और पहला गेम 21-11 से जीत लिया। दूसरे गेम में चेन यू फेई ने वापसी करते हुए सिंधु पर दबाव बनाया। कड़े संघर्ष के बावजूद चीनी खिलाड़ी ने 21-18 से गेम अपने नाम कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

निर्णायक गेम में चेन यू फेई ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और सिंधु को वापसी का मौका नहीं दिया। उन्होंने तीसरा गेम 21-10 से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सिंधु ने इससे पहले राउंड ऑफ 32 में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान और राउंड ऑफ 16 में जापान की टोमोका मियाजाकी को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

एक अन्य क्वार्टर फाइनल में 19 वर्षीय उन्नति हुड्डा को जापान की अकाने यामागुची ने 21-16, 14-21, 21-17 से हराया। उन्नति ने मुकाबले में जोरदार चुनौती पेश की और दूसरा गेम जीतकर मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया, लेकिन आखिरी गेम में यामागुची ने बाजी मार ली।

महिला युगल में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी को मलेशिया की थिनाह मुरलीथरन और पर्ली टैन ने 21-18, 21-9 से हराया। मिश्रित युगल में तनिशा क्रैस्टो और ध्रुव कपिला को चीन की यान जे फेंग और डोंगपिंग हुआंग की जोड़ी के खिलाफ 21-14, 18-21, 21-18 से हार मिली।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.