जेलर 2 में विद्या बालन का दमदार फर्स्ट लुक, कांता बनकर मचाएंगी तहलका

मुंबई। सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म के मेकर्स ने अभिनेत्री विद्या बालन का पहला लुक जारी कर दिया है। निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की इस फिल्म में विद्या बालन ‘कांता’ नाम के एक प्रभावशाली किरदार में नजर आएंगी। उनके फर्स्ट लुक ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

मेकर्स की ओर से जारी वीडियो में विद्या बालन नीली साड़ी में सीढ़ियों से नीचे उतरती दिखाई देती हैं। उनके हाथ में जलती हुई सिगरेट है और वह बेबाक अंदाज में धुएं के छल्ले उड़ाती नजर आती हैं। इस पूरे दृश्य को अनिरुद्ध रविचंदर के दमदार बैकग्राउंड स्कोर ने और प्रभावशाली बना दिया है। वीडियो में विद्या का अंदाज उनके किरदार की मजबूत और अलग पहचान की झलक देता है।

विद्या बालन के किरदार का लुक सामने आने से पहले फिल्म में सूरज वेंजारामूडु की झलक भी दिखाई गई थी। टीजर में सूरज स्टाइलिश अंदाज में कार से उतरते और सिगार के छल्ले उड़ाते नजर आए थे। उनके लुक ने भी फिल्म को लेकर दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ाई है।

इसके अलावा एस.जे. सूर्या भी ‘जेलर 2’ का हिस्सा हैं। फिल्म में वह ‘बोधी’ नाम के किरदार में नजर आएंगे। खास बात यह है कि यह पहली बार होगा जब एस.जे. सूर्या और रजनीकांत बड़े पर्दे पर एक साथ दिखाई देंगे। इस नई जोड़ी को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह है।

‘जेलर 2’ का निर्देशन और लेखन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। यह वर्ष 2023 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। पहली फिल्म में रजनीकांत के साथ रम्या कृष्णन और योगी बाबू समेत कई कलाकार नजर आए थे। अब सीक्वल में विद्या बालन, एस.जे. सूर्या और सूरज वेंजारामूडु जैसे कलाकारों के जुड़ने से फिल्म की स्टारकास्ट और भी मजबूत हो गई है। नए किरदारों और रजनीकांत की वापसी ने ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.