जयपुर। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के सीतापुरा स्थित बालाजी मार्केट में मंगलवार देर रात मर्सिडीज कंपनी के वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वर्कशॉप के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वर्कशॉप के अंदर खड़ी करीब आठ कारें, एसेसरीज और महंगे वाहन पार्ट्स जलकर नष्ट हो गए। आग से उठता घना धुआं करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कराई गई, ताकि आग के और फैलने का खतरा कम किया जा सके। दमकल की करीब 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार की और करीब दो दर्जन से अधिक फेरे लगाए।
लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हादसे के समय वर्कशॉप में नई और पुरानी 50 से अधिक कारें खड़ी थीं। आग जिस तेजी से फैल रही थी, उससे बड़ी संख्या में वाहनों के इसकी चपेट में आने की आशंका थी। हालांकि पुलिस और दमकलकर्मियों की तत्परता से कई वाहनों को समय रहते वर्कशॉप से बाहर निकाल लिया गया। इससे संभावित बड़े नुकसान को रोकने में मदद मिली।
फायर ऑफिसर उषा शर्मा ने बताया कि आग बुझाने के लिए करीब 10 दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया था। सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश शर्मा के अनुसार, कई वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और संबंधित विभाग आग से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही घटना की विस्तृत जांच में जुटे हैं।