पढ़ाई छूटी तो प्रशासन ने थामा हाथ, 112 छात्राओं की स्कूल में दोबारा एंट्री

देहरादून। पारिवारिक, आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण पढ़ाई बीच में छोड़ने वाली छात्राओं को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले में अब तक 444 ड्रॉपआउट छात्राओं का चिन्हीकरण किया जा चुका है। इनमें से पहले चरण में 112 छात्राओं का विद्यालयों में दाखिला कराया गया है, जबकि दूसरे चरण में 111 अन्य छात्राओं को स्कूल से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी बालिका की पढ़ाई पारिवारिक समस्या, आर्थिक परेशानी या अन्य परिस्थितियों के कारण बाधित न हो। उन्होंने कहा कि ऐसी छात्राओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनकी आयु और शैक्षणिक स्तर के अनुरूप विद्यालय में दाखिला दिलाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि ड्रॉपआउट छात्राओं का केवल आंकड़ा तैयार करने तक अभियान सीमित न रहे। प्रत्येक छात्रा की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाई जाए और उसे दोबारा विद्यालय से जोड़ने की प्रक्रिया प्रभावी तरीके से पूरी की जाए। जरूरत पड़ने पर संबंधित परिवारों से संपर्क कर उन्हें बालिकाओं की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया जाए।

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य उन छात्राओं को शिक्षा का अवसर वापस दिलाना है, जिनकी पढ़ाई किसी कारणवश बीच में छूट गई है। प्रशासन का मानना है कि विद्यालय में दोबारा प्रवेश मिलने से छात्राओं को न केवल पढ़ाई जारी रखने का मौका मिलेगा, बल्कि वे आगे चलकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी कदम बढ़ा सकेंगी।

पहले चरण में 112 छात्राओं का स्कूलों में दाखिला कराया जाना अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। वहीं, दूसरे चरण में 111 और छात्राओं को विद्यालय से जोड़ने की तैयारी है। प्रशासन की ओर से चिन्हित सभी छात्राओं की स्थिति पर नजर रखते हुए उन्हें शिक्षा से जोड़ने के प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पारिवारिक परिस्थितियां किसी बालिका की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को अभियान में तेजी लाने और पात्र छात्राओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.