अहमदाबाद। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुजरात दौरे के दौरान राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक ले जाने की पहल और मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाई स्पीड रेल परियोजना के तहत सूरत-वापी सेक्शन का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद भारत में निर्मित बुलेट ट्रेन को ट्रैक पर उतारकर व्यापक परीक्षण किया जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि बुलेट ट्रेन के निर्माण और विभिन्न प्रणालियों के एकीकरण से जुड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कार बॉडी, बोगी, प्रोपल्शन सिस्टम, व्हीकल इलेक्ट्रॉनिक्स, पहियों, पैंटोग्राफ और ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम समेत कई महत्वपूर्ण हिस्सों पर काम चल रहा है। ट्रैक पर उतारने के बाद ट्रेन का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा और परीक्षण पूरा होने के बाद पहले सेक्शन को शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
उन्होंने मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के बीकेसी-ठाणे हिस्से में समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग की प्रगति भी बताई। सुरंग निर्माण के लिए शाफ्ट बनाने और टनल बोरिंग मशीनों की स्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण प्रारंभिक कार्य पूरे हो चुके हैं। अब दोनों मशीनों के जरिए सुरंग निर्माण को आगे बढ़ाया जाएगा। कॉरिडोर के स्टेशनों और पुलों का निर्माण भी जारी है।
वैष्णव ने कहा कि वर्ष 2021 में निर्माण शुरू होने के बाद कोविड-19 महामारी और परियोजना की तकनीकी जटिलताओं जैसी चुनौतियां सामने आईं, लेकिन काम को आगे बढ़ाया गया। भारत में बुलेट ट्रेन के विकास को उन्होंने हाई स्पीड रेल तकनीक में देश की क्षमता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
वहीं, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को पर्यटन स्थलों तक ले जाने की पहल के तहत 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन गुजरात के एकता नगर में किया जा रहा है। यहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थित है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी। रेल मंत्री ने राज्यों से भविष्य के समारोहों के लिए अपने प्रमुख पर्यटन स्थलों का नामांकन करने का आग्रह किया।